यमुनानगर : यमुनानगर के विष्णु नगर की रहने वाली एक 14 वर्षिय लड़की ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़की टिकटॉक पर वीडियो बनाकर भी शेयर करती थी। हालांकि वजह अभी तक सामने नहीं आई लेकिन परिजन कह रहे थे कि बेटी नया मोबाइल दिलाने के लिए कह रही थी।
लेकिन पुलिस एफआईआर में इस बात का जिक्र नहीं किया गया। हादसे के वक्त माता-पिता घर पर नहीं थे, वे दोनों डॉक्टर के पास गए हुए थे। वापिस लौटे तो बच्ची फंदे से लटकी मिली। मृतका अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।
जानकारी के अनुसार विष्णुनगर निवासी वीरेंद्र एक स्क्रैप कारोबारी के पास काम करता है। गुरुवार दोपहर बाद उसकी पत्नी को पेट दर्द की शिकायत हुई। इस पर वह उसे दवाई दिलाने के लिए मार्केट लेकर गया। इस दौरान घर पर बेटी अकेली थी। शाम को जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। वीरेंद्र ने जब खिड़की से झांककर देखा, तो उनकी बेटी फंदे से लटकी हुई थी।
यह देखते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी पहुंचे। वीरेंद्र ने पड़ोसियों की मदद से खिड़की तोड़ी और अंदर पहुंचा। इसके बाद दरवाजा खोला गया। उसने बेटी को फंदे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वीरेंद्र का कहना है कि पता नहीं बेटी ने ऐसा क्यों किया। वह पढ़ाई में भी होशियार थी। वे भी उससे बहुत प्यार करते थे। जब वह घर से गए, तब कोई ऐसी बात नहीं थी।
बच्ची के सुसाइड की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर फर्कपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
