
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा दूसरे दलों के नेताओं की बंपर ज्वाइनिंग करवाने जा रही है। पार्टी में होने वाली सभी तरह की ज्वाइनिंग के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में मुख्यमंत्री के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी अहम भूमिका में हैं।

कमेटी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी, कृषि मंत्री जेपी दलाल, गन्नौर की भाजपा विधायक निर्मल चौधरी और यमुनानगर के भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा भी शामिल हैं। सभी जवाइनिंग कमेटी की सहमति पर होंगी। पार्टी मुख्यमंत्री के निर्देश पर व्यापक स्तर पर ज्वाइनिंग अभियान चलाने वाली है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम ने इसके संकेत दिए थे। भाजपा में पहली बंपर ज्वाइनिंग शुक्रवार को आप नेता अशोक तंवर के रूप में हो सकती है।

इसके अलावा, भाजपा में सीएम के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव को पार्टी का प्रदेश मीडिया प्रमुख बनाया जा सकता है। सीएम के मीडिया काे-ऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा को सहमीडिया प्रमुख के पद पर नियुक्ति दी जा सकती है।

कई मोर्चाें के पदाधिकारियों का भी ऐलान जल्द
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा करने की तैयारी में है। इनमें सबसे ज्यादा इंतजार भारतीय जनता युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के अध्यक्ष पदों को लेकर है। इन्हें लेकर लॉबिंग चल रही है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के लिए भाजपा विधायक भव्य बिश्नोई का नाम सामने आ रहा है। भव्य बिश्नोई के अलावा भाजयुमोर के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव व राष्ट्रीय नेता गौरव गौतम का नाम भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए लिया जा रहा है। इनके अलावा रेवाड़ी से विधायक रहे रणधीर कापड़ीवास के बेटे व भाजयुमो के नेता मुकेश यादव कापड़ीवास का नाम भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में चल रहा है। वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिल चुके हैं।
NEWS SOURCE : chopaltv
