
Lalu Yadav Family बिहार में एक तरफ सियासी अटकलों का बाजार गर्म है तो दूसरी तरफ लालू परिवार की मुश्किलें भी लगातार बढ़ रही हैं। लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी की चार्जशीट पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संज्ञान लिया है।दिल्ली की अदालत ने लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी, उनकी बेटी मीसा भारत-हेमा यादव और हृदयानंद चौधरी को समन जारी किया है। अदालत ने यह समन ईडी की 4 हजार पन्नों की चार्जशीट के बाद जारी किया है।
9 फरवरी को पेश होना होगा
सियासी अटकलों के बीच अब लालू परिवार को पेशी के लिए आना होगा। कोर्ट ने 9 फरवरी की तारीख तय की है। हालांकि, माना जा रहा है कि 9 फरवरी से पहले ही बिहार में काफी कुछ बदल सकता है। 4 फरवरी को विधानसभा का बजट सेशन भी शुरू होना है। वहीं, महागठबंधन सरकार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
नीतीश को लेकर अटकलें तेज, नीरज का राजद पर हमला
खबरें हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी भी वक्त इस्तीफा दे सकते हैं और वो एनडीए के साथ सरकार को बनाने को तैयार हैं। उनकी पार्टी के नेताओं ने राजद नेताओं पर खुलकर बयान देना भी शुरू कर दिया है। जिस केस में कोर्ट ने राबड़ी देवी-मीसा भारत और अन्यों को समन जारी किया है, उसी का जिक्र कर जदयू नेता नीरज ने लालू फैमिली पर हमला बोला।
जदयू नेता नीरज कुमार कह चुके हैं कि राजद के लोग अब बेचैन हो चुके हैं। क्योंकि नौकरी के बदले जमीन लेना इनकी आदत में शुमार रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं, अगर इसे नहीं रोका गया तो राजनीति में इसका अंजाम बेहतर नहीं होगा।
NEWS SOURCE : jagran
