नई दिल्ली । शेयर बाजार बुधवार को जबरदस्त बढ़त के साथ खुला है और शुरुआती कारोबार में भी बाजार में भारी बढ़त देखी जा रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स बुधवार को 1470 अंक की जबरदस्त उछाल के साथ 32,841.87 पर खुला है। सेंसेक्स बुधवार सुबह 9 बजकर 24 मिनट पर 3.02 फीसद या 947.58 अंक की भारी बढ़त के साथ 32,318.70 पर ट्रेंड कर रहा था। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान पर और 7 शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखाई दिए।
सेंसेक्स के जिन शेयरों में शुरुआती कारोबार में सबसे अधिक तेजी देखने को मिल रही थी, उनमें आईसीआईसीआई बैंक (7.09 फीसद), हीरो मोटो कॉर्प (6.77 फीसद), एक्सिस बैंक (5.73 फीसद), एलटी (5.54 फीसद), मारुति (5.29 फीसद) और एचडीएफसी बैंक (4.83 फीसद) शामिल थे।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक निफ्टी की बात करें, तो यह भी बुधवार सुबह भारी बढ़त के साथ ट्रेंड कर रहा था। यह बुधवार सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर 2.42 फीसद या 222.55 अंक की बढ़त के साथ 9,419.10 पर ट्रेंड कर रहा था। इस समय 50 शेयरों वाले निफ्टी के 43 शेयर हरे निशान पर और 7 शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे।
बुधवार को शुरुआती कारोबार में 50 शेयरों वाले निफ्टी में सबसे ज्यादा तेजी वेदांता लिमिटेड में 9.99 फीसद, हीरो मोटो कॉर्म में 6.72 फीसद, आईसीआईसीआई बैंक में 6.62 फीसद, मारुति में 5.98 फीसद और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 5.72 फीसद की देखने को मिली। वहीं, शुरुआती कारोबार में निफ्टी-50 के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट नेस्ले इंडिया में 1.93 फीसद, अडानी पोर्ट्स में 0.63 फीसद, टीसीएस में 0.42 फीसद, भारती एयरटेल में 0.38 फीसद और एचसीएल में 0.35 फीसद की देखने को मिली है।
