
राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली खौफनाक घटना सामने आई है। संगम विहार इलाके में आपसी बहसबाजी में मंगलवार रात नौ नाबालिगों ने एक युवक को चाकू से गोदकर मार डाला। तिगड़ी थाना पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। हत्या के आरोपी नाबालिगों ने बताया कि उनका 20 वर्षीय शादाब से 19 मार्च को झगड़ा हो गया था। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि शादाब परिवार के साथ संगम विहार में रहता था। 21 मार्च की शाम करीब 6 बजे पुलिस को हरिजन कॉलोनी में एक युवक को चाकू से गोदने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खून से लथपथ हालत में मिले शादाब को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इस हत्या के आरोपी तीन नाबालिगों की पहचान की। इसके बाद कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उनकी निशानदेही पर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। इनके पास से चार चाकू और पिस्तौल बरामद हुई।
दो पर हत्या के पांच केस
नाबालिगों ने बताया कि दो दिन पहले नशे की हालत में उनके और शादाब के बीच बहसबाजी हो गई थी। इसके बाद उन सभी ने शादाब को सबक सिखाने की साजिश रची। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौ नाबालिगों के गिरोह में दो लड़के ऐसे हैं, जिन पर पिछले एक साल में हत्या के पांच केस दर्ज किए गए हैं।
दोहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली
वहीं, दिल्ली के नजफगढ़ के नंगली सकरावती स्थित सैलून में नौ फरवरी को हुए दोहरे हत्याकांड में 41 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में गत दिनों आईपीसी की धारा 120बी को भी जोड़ा है। सूत्रों ने बताया कि जांच टीम दिल्ली सहित चार राज्यों में 40 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी कर चुकी है और 500 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज को खंगाल चुकी है। बावजूद इसके आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
NEWS SOURCE : livehindustan
