फरीदाबाद : जिले में दुकानों के खुलने का समय सुबह 9 से शाम 7 बजे का हो गया है। दवाई की दुकानों के खुलने की कोई समय सीमा नहीं है। जिलाधीश यशपाल यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और सरकार द्वारा दुकानें एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति देने के बाद बाजारों में भी भीड़ बढ़ने लगी है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाजारों में खुलने वाली दुकानों को प्रतिदिन के हिसाब से नियंत्रित करने की जरूरत है।
जिलाधीश के अनुसार जिन बाजारों में सड़क के दोनों तरफ दुकाने हैं, उनमें सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को दाएं तरफ की दुकानें तथा मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को बाएं तरफ की दुकानें खुली रहेंगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण एवं अन्य बाजार जिनमें दुकानों के नंबर दिए गए हैं, उनमें सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को सम नंबर वाली दुकानें और मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को विषम नंबर वाली दुकानें खुलेंगी। दाएं और बाएं का निर्धारण उत्तर एवं पूर्व दिशा में देखते हुए करेंगे। रविवार को सभी बाजार बंद रहेंगे। जिला उपायुक्त के इस आदेश का अखिल भारतीय व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राम जुनेजा ने स्वागत किया है और आभार जताया है।
