फरीदाबाद : सेक्टर 16 में एक मकान मालिक व किराएदार के बीच किराया ना देने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मकान मालिक ने किराएदार को अपने घर से निकाल दिया। किराएदार अपनी गर्भवती पत्नी व एक साल के बच्चे के साथ मकान खाली करके रात को पार्क में बैठ गया। इसकी जानकारी सैक्टर 16 की फ्रेंडस रेजीडेंटस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान नवीन चौधरी को हुई तो वह पार्क में पहुंच गए। उन्होंने साहिल नाम के किराएदार से पूरी जानकारी ली। इसके बाद सेक्टर में लोग इकठ्ठा हो गए। पीडि़त किराएदार ने बताया कि वह एक प्राईवेट फर्म में नौकरी करता है। उसे पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। जिसकी वजह से वह किराया नहीं दे रहा था। उस पर तीन महीने का किराया 15000 रुपए बैलेंस है। जिस वजह से मकान मालिक ने उन्हें घर से निकाल दिया है। किराएदार के अनुसार उसकी पत्नी गर्भवती है और उसका एक साल का बच्चा भी है। इन हालातों में वह कहां जाए।
उसने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस से भी मदद मांगी थी, मगर पुलिस ने असमर्थता जता दी। जिसके बाद वह हताश होकर पार्क में आकर बैठ गए हैं। रात के वक्त इस हालात को देखते हुए प्रधान नवीन चौधरी ने अपने सैक्टर में रहने वाले मकान मालिक से संपर्क किया और उन्हें बुला लिया। मामला बढ़ते देखकर वहां सभी लोग मौजूद हो गए। मकान मालिक का पक्ष जानने के बाद नवीन चौधरी ने उनसे कहा कि वह किराएदार को अपने घर में रहने दें, उसका सारा किराया वह अपनी जेब से देंगे।
इस विवाद को लेकर काफी देर तक सैक्टर में हंगामा होता रहा। कई घंटे तक चले इस विवाद के बाद आखिरकार फ्रेंडस रेजीडेंटस वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से सारा मामला निपट गया और किराएदार को वापिस मकान में रहने की ईजाजत दे दी गई। इस तरह से सैक्टर की एफडब्ल्यूए के प्रधान नवीन चौधरी व अन्य लोगों ने इस मामले को निपटाया । वीरवार की सुबह इस मामले को लेकर पुलिस भी सैक्टर में पहुंच गई, पंरतु नवीन चौधरी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर सारा विवाद समाप्त करवा दिया है।
