बल्लभगढ़: नगर निगम के दस्ते ने सोमवार को 15 ऐसे दुकानदारों के चालान काटे, जिन्होंने बंद वाले दिन अपनी दुकानों को खोला हुआ था। कई दुकानदारों का दस्ता सामान भी उठा कर ले गया।
नगर निगम ने लॉकडाउन के चलते एक दिन दाएं और एक दिन बाएं पंक्ति की दुकानों को खोलने का नियम बाजरों में लागू किया हुआ है। कई दुकानदार ऐसे हैं, जो बंद वाले दिन भी अपनी दुकानों को खोल कर रखते हैं। सोमवार को बाजार में बाएं तरफ की दुकानों को खोलने का दिन था। बाजार में सुबह से दाएं के दुकानदारों ने अपनी दुकानों को खोला हुआ था।
ऐसे दुकानदारों के बारे में किसी ने नगर निगम संयुक्त आयुक्त सतबीर सिंह मान को भी सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद मान ने तुरंत अपने दस्ते को बाजार के लिए रवाना कर दिया। इस दौरान दस्ते में कई दुकानों का सामान उठाकर अपने वाहन में डाल लिया। दस्ते ने इस दौरान 15 दुकानदारों के चालान काटे। मान का कहना है कि ऐसे दुकानदारों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाएगी, जो बिना नंबर के अपनी दुकानों को खोल कर बैठते हैं।
