फरीदाबाद : बिना मास्क घर से निकलने वाले लोगों को आज से जेब ढीली करनी पड़ सकती है। पुलिस की तरफ से बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलने वालों के चालान काटने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। पुलिस व प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से चालान करेंगी। प्रदेश सरकार ने 27 मई को घर से बाहर निकलने पर सभी के लिए मास्क अनिवार्य किया था। मास्क ना लगाने पर 500 रुपये का प्रावधान है। अब पुलिस महानिरीक्षक यातायात की तरफ से सभी जिलों में मास्क ना लगाने वालों के चालान करने के निर्देश दिए गए हैं। वैसे चालान सोमवार से किए जाने थे, मगर चालान कौन करेगा, इस पर संशय था। यातायात पुलिस का कहना है कि मोटर-यान अधिनियम के लिए 78 बिदु निर्धारित हैं, जिनके तहत चालान हो सकता है। इसमें बिना मास्क चालान के लिए कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए बिना मास्क के चालान प्रशासन की तरफ से किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिसकर्मी जिला प्रशासन की टीम के साथ मौजूद रहेंगे। जेब पर ज्यादा भारी भी पड़ सकता है मास्क ना पहनना
पुलिस किसी को बिना चालान रुकवाएगी तो यह भी सुनिश्चित करेगी कि वह मोटर-यान अधिनियम के प्रावधानों का पालन कर रहा हो। लॉकडाउन के दौरान पुलिस मोटर-यान अधिनियम के तहत चालान ना के बराबर कर रही है। बिना मास्क वाहन चलाना जेब पर बहुत ज्यादा भारी पड़ सकता है। बिना मास्क के लिए 500 रुपये का चालान निर्धारित है। अगर पुलिस ने मोटर-यान अधिनियम के तहत भी चालान किया तो वह बहुत भारी पड़ेगा। इसके तहत दो हजार से 10 हजार तक चालान का प्रावधान है। 90 फीसद लोग निकल रहे मास्क लगाकर
सोमवार को दैनिक जागरण टीम ने शहर के विभिन्न चौराहों का जायजा लिया। 90 फीसद लोग जागरूक हैं और मास्क पहनकर ही निकल रहे हैं। अभी 10 फीसद लोग बिना मास्क निकल रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि 100 फीसद लोग मास्क पहनकर घर से निकलें। विशेषज्ञों का कहना है कि अनलॉक-1 में काफी छूट मिली हैं, अगर सभी लोग मास्क लगाकर निकलेंगे तो कोरोना का प्रसार कम किया जा सकेगा। इन लोगों के होंगे चालान
यातायात थाना प्रभारी सुभाष कुमार के मुताबिक बिना मास्क घर से निकलने वाले हर किसी का चालान होगा। पैदल, कार, दोपहिया सहित किसी भी वाहन में सवार व्यक्ति इसके दायरे में आएगा। उन्होंने कार में अकेले बैठे व्यक्ति का चालान होने या ना होने पर संशय दूर करते हुए बताया कि हर किसी को मास्क पहनना जरूरी है, भले ही वह कार में अकेला ही क्यों ना बैठा हो। जो भी व्यक्ति घर से निकल रहा है, उसका चालान होगा। चालान का जिला प्रशासन की तरफ से किए जाएंगे। बिना मास्क घूमने वालों के चालान के लिए पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। इसके लिए प्रशासन को चिट्ठी लिख दी है। मंगलवार से चालान किए जाएंगे।
-अभिमन्यु लोहान, एसीपी ट्रैफिक
