
पंकज त्रिपाठी अब एक्टर के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी बन गए हैं. निर्माता के तौर पर वह वेब सीरीज ‘परफेक्ट फैमिली’ के जरिए डेब्यू करने जा रहे हैं. इसकी कहानी परिवार, रिश्ते और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर आधारित है. हाल ही में इसका ट्रेलर रिलीज हुआ, जो दर्शकों को खूब पसंद आया. नेहा धूपिया भी इस सीरीज का हिस्सा हैं. एक्ट्रेस ने अब सीरीज के लिए अपनी हामी भरने की वजह बताई. आज के समय में जब परिवारों के भीतर बातचीत कम होती जा रही है और मानसिक स्वास्थ्य पर बात करना अभी भी कई घरों में मुश्किल माना जाता है, ऐसे में ‘परफेक्ट फैमिली’ जैसा शो एक ताजगी भरा बदलाव ला रहा है. इस सीरीज को लेकर लोग पहले से ही काफी उत्सुक हैं. सीरीज में लीड रोल निभा रहीं नेहा धूपिया ने बताया कि उन्हें इसकी कहानी पहली बार सुनते ही पसंद आ गई थी. यह उन्हें इसलिए भी खास लगी क्योंकि इसमें दिखाया गया परिवार बिलकुल असल जिंदगी जैसा है, कभी मजेदार, कभी भावुक और कभी थोड़ा उलझा हुआ.
सीरीज के लिए नेहा धूपिया ने क्यों भरी हामी?
नेहा धूपिया ने कहा, ‘हर परिवार में ड्रामा, हंसी और कन्फ्यूजन होता है और यही चीजें परिवार को खूबसूरत बनाती हैं. मेरे लिए शो का सबसे बड़ा आकर्षण यह था कि इसमें थेरेपी जैसे विषय को बोझिल तरीके से नहीं, बल्कि सहज और सामान्य रूप में दिखाया गया है. मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी इस परिवार से वैसे ही जुड़ेंगे जैसे मैं खुद जुड़ गई हूं.’ ट्रेलर में एक ऐसे पंजाबी परिवार की झलक है, जहां हर सदस्य की अपनी समस्या, अपनी सोच और अपना अंदाज है, और इनकी टकराहट से कई मजेदार पल बनते हैं. सीरीज में आठ एपिसोड हैं. इसमें मनोज पाहवा, सीमा पाहवा, गुलशन देवैया और गिरिजा ओक जैसे कलाकार शामिल हैं.
गुलशन देवैया भी हैं सीरीज का हिस्सा
गुलशन देवैया का कहना है कि वह इस कहानी से इसलिए जुड़े क्योंकि यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समय की जरूरत भी है. भारत में मानसिक स्वास्थ्य पर खासकर परिवारों में बात करने की आदत बहुत कम है. अक्सर लोग अपनी परेशानियां छुपाकर जीते हैं, और कई बार छोटी-छोटी बातें बड़ी समस्याएं बन जाती हैं. ‘परफेक्ट फैमिली’ इसी स्थिति को बड़े हल्के और दिल छूने वाले अंदाज में दिखाता है.
27 नवंबर को रिलीज होगी ‘परफेक्ट फैमिली’
उन्होंने बताया कि फिल्म में उनका किरदार ऐसा व्यक्ति है, जो परिवार को एक साथ रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि खुद भी थेरेपी से गुजर रहा है. ‘परफेक्ट फैमिली’ 27 नवंबर से जार सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध होगी.
NEWS SOURCE Credit :news18
