
फरीदाबाद: बहन के साथ स्कूटी पर घर जा रही निजी अस्पताल की नर्स को रास्ते में रोककर एक युवक ने थप्पड़ मारे। उसे दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी। नर्स की शिकायत पर ओल्ड फरीदाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र की रहने वाली नर्स ने शिकायत में बताया है कि 27 जनवरी को वह बहन और एक साथी के संग स्कूटी पर सवार होकर अस्पताल से घर जा रही थी।
पहले नर्स को मारे थप्पड़ फिर…
जब वे अनाज मंडी ओल्ड फरीदाबाद पहुंचे तो पीछे से दो युवक स्कूटी पर सवार होकर आए। उन्होंने नर्स की स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद आगे स्कूटी लगाकर रास्ता रोक लिया। उनमें से एक युवक ने नर्स को थप्पड़ मारे। बहन और साथी लड़के ने बीच-बचाव की कोशिश की तो युवकों ने उन्हें भी पीटा। नर्स को थप्पड़ मारने वाले युवक को उसका साथी गौरव नाम लेकर पुकार रहा था। आरोप है कि गौरव ने नर्स को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वहां भीड़ इकट्ठा हो गई तो दोनों युवक स्कूटी लेकर भाग गए।
डर के कारण पहले नहीं की शिकायत
नर्स का कहना है कि डर के कारण उसने और उसकी बहन ने माता-पिता को इस घटना के बारे में नहीं बताया था। अब साहस करके बताया है तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दिलवाई। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपित युवक नर्स को पहले से जानता है। आगे की जांच चल रही है।
NEWS SOURCE Credit :jagran
