
जम्मू: एक बाइक पर सात लोगों, जिनमें अधिकांश किशोर थे, को बैठाकर सड़कों पर घूमने और उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करना युवक को महंगा पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने कार्रवाई करते हुए उसकी बाइक को सीज कर दिया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें कई गंभीर यातायात उल्लंघन सामने आए। जांच में पता चला कि बाइक चालक मोहरम अली मूल निवासी उत्तर प्रदेश, वर्तमान में जम्मू के पुरखू इलाके में रह रहा है। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं है।
यातायात नियमों की लगातार अनदेखी
यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने पर उसके खिलाफ पहले ही सात चालान दर्ज हो चुके हैं। इसके चलते आरटीओ जम्मू ने हाल ही में उसकी बाइक की आरसी भी सस्पेंड कर दी थी। बाइक मोहरम अली के नाम पर ही पंजीकृत है। डीएसपी ट्रैफिक सिटी अश्विनी शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह से वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज किया गया। यदि युवक सात लोगों को बाइक पर बैठाकर चलते समय मौके पर पकड़ा जाता तो उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जा सकती थी। फिलहाल, चालक की काउंसलिंग करवाई जा रही है। पूछताछ में मोहरम अली ने बताया कि वह पुरखू इलाके में फूलों की नर्सरी चलाता है। उसके अनुसार वह मोहल्ले के किशोरों के साथ नहाने के लिए जा रहा था, तभी किसी ने उसका वीडियो बना लिया जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
पहले भी वायरल वीडियो पर हो चुकी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस जम्मू इससे पूर्व भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए स्टंटबाजी के वीडियो पर कार्रवाई कर चुकी है। कुछ समय पहले मुट्ठी फ्लाईओवर पर कार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
NEWS SOURCE Credit :jagran
