
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में घनी आबादी वाले हौज रानी इलाके में बुधवार को एक होटल में लगी भीषण आग की नई तस्वीरें सामने आई हैं। इस आग में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल थे। ये वीडियो 46 साल की स्थानीय निवासी अंजुम ने बनाए हैं, जिन्होंने ‘फ्लोरिश स्टे’ होटल के ठीक सामने अपने घर से इस घटना को होते हुए देखा था। अंजुम ने बताया कि “सुबह करीब 8:30 बजे हमें कुछ जलने की बदबू आई। शुरू में हमें लगा कि यह हमारे ही घर से आ रही है। फिर हमने बाहर चिंगारियां देखीं।”
उन्होंने कहा, “यह हादसा बहुत चौंकाने वाला था, हम मदद करना चाहते थे, लेकिन मेरे पिता दिल के मरीज़ हैं और हमें चिंता थी कि धुएं से उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। हमारे लिए अपनी आंखों के ऐसा कुछ होते देखना बहुत दुखदाई था। इलाके में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मदद करने की पूरी कोशिश की। उनमें से कुछ के कपड़ों पर खून लगा हुआ था। मुझे याद है कि हेड कॉन्स्टेबल दिनेश यादव और एक अन्य स्थानीय निवासी, जिनका नाम मुझे नहीं पता, ने लोगों की मदद के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। उस दिन उन्होंने कई लोगों की जान बचाई।” इमारत की ओर खुलने वाली खिड़की से बनाए गए इन वीडियो में उन मुश्किल पलों को देखा जा सकता है, जब अंदर फंसे मेहमान मदद के लिए गुहार लगा रहे थे। एक क्लिप में एक विदेशी महिला को मदद के लिए बार-बार चिल्लाते हुए सुना जा सकता है, जबकि उसके कमरे से घना काला धुआं निकल रहा है। कई अन्य लोगों को आग की लपटों से बचने की बेताब कोशिश में खिड़कियों से बाहर झाँकते हुए देखा जा सकता है।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
