
फरीदाबाद: दिल्ली-आगरा राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई में ढील बरत रहे यातायात कर्मियों की डीसीपी ट्रैफिक ने खिंचाई की है। सोमवार को अपने कार्यालय में थाना प्रभारी समेत जिले के सभी जोन आफिसरों के साथ उन्होंने बैठक की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में ढील बरतने वाले पुलिसकर्मियों को खूब लताड़ा। उन्होंने हिदायत दी कि गलत दिशा में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों की संख्या कम नहीं है। उन पर नजर रखकर ज्यादा से ज्यादा चालान काटे जाए।
ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वालों पर होगा एक्शन
इसके अलावा जहां-जहां भी कैमरे लगे हैं, उनकी फुटेज खंगालें तथा फुटेज के आधार पर नियमों की अवहेलना करने वाले ड्राइवरों पर कार्रवाई करें। इस बैठक में एसीपी ट्रैफिक-द्वितीय विकास कुमार भी मौजूद थे। बैठक में जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा उपायों तथा दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में यह भी सामने आया कि भारी वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क किनारे बिना सुरक्षा उपाय किए खड़े हो जाते हैं। कुछ वाहन खराब होने पर खड़े रहते हैं। ऐसे वाहन दुर्घटना का कारण बन रहे हैं, जिनमें निर्दोष लोगों की जान जा रही है। बैठक के दौरान दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराया जाए।
NEWS SOURCE Credit :jagran
