
Delhi Crime News: इस महिला ने बीते चार महीनों से दिल्लीवालों की नाक में दम कर रखा था. कभी स्कूल, तो कभी सरकारी दफ्तर इसके निशाने पर होते थे. इस महिला ने बीते चार महीनों में औसतन हर 40 मिनट में एक ऐसा कारनामा किया, जिसने पुलिस-प्रशासन से लेकर मासूम बच्चों तक के माथे पर पसीना ला दिया. चार महीने चली लंबी कवायद के बाद दिल्ली पुलिस ने नकेवल इस महिला को खोज निकाला है, बल्कि उसे बंगला साहिब गुरुद्वारे के करीब से अरेस्ट भी कर दिया है.
पुलिस के अनुसार, इस महिला ने बीते चार महीनों में देश के अलग-अलग स्कूलों और दफ्तरों में 200 से ज्यादा धमकी भरे ईमेल भेजे थे. इन ईमेलों में कभी बम होने की झूठी सूचना दी जाती थी, तो कभी ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाते. यह महिला ईमेल के जरिए कभी किसी दफ्तर में भ्रष्टाचार की बात कहती, तो कभी अरावली क्षेत्र से जुड़े मुद्दों का जिक्र करती थी. पुलिस ने इस आरोपी महिला की पहचान 41 वर्षीय सीमा लोहुमी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली है.
क्या था मामला और कैसे पकड़ में आई महिला?
- जांच में सामने आया कि वह 9 फरवरी 2026 से लगातार अलग-अलग सरकारी विभागों, स्कूलों और संस्थानों को ईमेल भेज रही थी. हर बार ईमेल कंटेंट ऐसा होता था कि उसे नजरअंदाज करना किसी भी एजेंसी के लिए संभव नहीं था.
- इस महिला ने बीते चार महीनों में कई अलग-अलग स्कूलों में बम होने की सूचना दी थी. इस सूचना के बाद स्कूलों को खाली करना पड़ा था. हर बार जांच में सूचना झूठी निकलती थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से एजेंसियों को पूरी कार्रवाई करनी पड़ती थी.
- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ईमेल से जुड़े मोबाइल नंबर को ट्रैक करना शुरू किया. लेकिन, आरोपी महिला भी काफी चालाक थी. उसका मोबाइल लंबे समय तक बंद रहता था. बावजूद इसके, पुलिस की टेक्निकल टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही.
- जांच के दौरान कई डिजिटल सुराग जुटाए गए और ट्रेक्निकल सर्विलांस का दायरा बढ़ाया गया. 18 जून को एक बार फिर धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद पुलिस ने अपना यह ऑपरेशन तेज कर दिया. आखिरकार 21 जून को तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्ध की लोकेशन गुरुद्वारा बंगला साहिब के आसपास मिली.
- सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए बंगला साहिब के बाहर से महिला को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ में सामने आई यह बात
पूछताछ में पता चला कि वह लंबे समय से इस तरह के ईमेल भेज रही थी. वहीं, परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला का इलाज भी चल रहा है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन ईमेलों के पीछे उसका वास्तविक मकसद क्या था और क्या इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है. जांच एजेंसियां उसके डिजिटल रिकॉर्ड और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं.
NEWS SOURCE Credit :news18
