
ओडिशा के ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में एक महिला के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुरुषोत्तमपुर ब्लॉक की रहने वाली 54 वर्षीय महिला सांस की तकलीफ के कारण एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आई थी।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग में आरटी-पीसीआर जांच के बाद उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। महिला का फिलहाल संक्रामक रोग वार्ड में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल की अधीक्षक सुदीपा दास ने बताया कि मरीज में कोविड-19 के गंभीर लक्षण नहीं थे। एहतियात के तौर पर उसे पृथक-वास में रखा गया है।
उन्होंने कहा, “मौसम में बदलाव के कारण वायरल फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं, इसलिए घबराने की कोई बात नहीं है। मरीज एक बहुत ही हल्के वेरिएंट से संक्रमित है।” स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव संतोष मिश्रा ने बुधवार को एमकेसीजी अस्पताल का दौरा किया और मरीज के इलाज की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “मरीज पृथक-वास में है और उसकी हालत अच्छी है। राज्य में कहीं और से कोविड का कोई मामला सामने नहीं आया है।”
NEWS SOURCE Credit : punjabkesari
