फरीदाबाद : हरियाणा में कोरोना वायरस की चपेट में अभी तक 7,208 लोग आ चुके हैं जबकि 3,003 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा 4,117 मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और 88 लोगों की मौत कोरोना के संक्रमण से हो चुकी है।
बिना मास्क घर से निकले 84 लोगों के चालान सोमवार को पुलिस ने काटे। पुलिस आयुक्त केके राव ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को जागरूक करने के साथ ही चालान भी किए जाएं। पुलिस ने बीके चौक, अजरौंदा चौक, बाटा चौक सहित विभिन्न जगहों पर अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त ने कहा है कि प्रशासन द्वारा दुकानों को खोलने के लिए जो समय निर्धारित किया है, उसी समय दुकानें खोली जाएं। बाजारों में लोग शारीरिक दूरी का पालन करें। वहां ज्यादा भीड़ ना करें। उन्होंने कहा है कि जो भी लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे पुलिस उनके साथ सख्ती से पेश आएगी।
