
अलीगढ़: फेसबुक पर महिला बनकर पहले दोस्ती की, फिर फ्लैट दिखाने के बहाने भाजपा नेता को बुलाया। वहां आपत्तिजनक वीडियो बनाई और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर दो लाख रुपये ऐंठ लिए। पांच लाख रुपये की और मांग पूरी नहीं हुई तो मामला पुलिस तक पहुंचा। जांच में सामने आया कि वीडियो महिला के पति ने बनाई थी और वसूली की रकम में आरोपित वकील भी हिस्सेदार था। पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वकील की तलाश की जा रही है।
फर्जी फेसबुक आइडी से जाल में फंसाकर वसूले थे दो लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को भाजपा नेता ने बन्नादेवी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि महिला के नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए उससे संपर्क किया गया। इसके बाद फ्लैट दिखाने के बहाने उसे बुलाया गया और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली गई।
इंस्पेक्टर बन्नादेवी राजीव कुमार के अनुसार भाजपा नेता और महिला को कमरे में बंद कर महिला के पति ने चुपके से वीडियो बनाई थी। इसके बाद वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर उससे रुपये मांगे गए। जांच के बाद पुलिस ने रविवार को अतरौली क्षेत्र के इज्जतपुर निवासी श्रवण कुमार और उसकी ओम अपार्टमेंट, क्वार्सी निवासी उसकी पत्नी काजल देवी को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आईडी बनाने वाले अधिवक्ता की तलाश
आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार मोबाइल फोन के बाक्स और सात आधार कार्ड बरामद किए हैं। इनमें एक मोबाइल फोन ऐसा भी मिला, जिसमें पीड़ित से संबंधित नौ वीडियो थीं। आरोपित पीड़ित से दो लाख रुपये वसूल चुके थे और पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग और कर रहे थे। इसके चलते ही पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
एक केस और आया सामने
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में काजल देवी ने बताया कि अधिवक्ता अनूप कौशिक ने उसे पूजा कुमारी के नाम से फेसबुक आईडी बनाकर दी थी। इसके जरिए लोगों को जाल में फंसाकर रुपये वसूलने की योजना बताई गई थी। आरोप है कि इसी तरीके से पीड़ित को भी फंसाया गया और उसकी वीडियो बनाकर दो लाख रुपये वसूले गए।
वकील को दीवानी में और महिला को अपार्टमेंट के पास दिए रुपये
भाजपा नेता ने बताया कि फेसबुक के जरिए उन्हें पूजा नाम की महिला के आईडी से मैसेज मिला था। उस पर अलीगढ़ के और भी लोग जुड़े थे। मैसेज के जरिए एक फोन नंबर दिया। उस फोन नंबर पर वाट्सएप काल की तो सामने वाले ने कहा कि हमें एक फ्लैट बिकवाना है। ओम अपार्टमेंट में फ्लैट देखने गया तो वहां एक महिला मिली। महिला ने पानी पिलाया। इसके बाद आपत्तिजनक वीडियो बना लीं। इसके बाद वीडियो प्रसारित करने की धमकी देते हुए रुपयों की मांग की। एक लाख रुपये उन्होंने अधिवक्ता अनूप कौशिक को दीवानी परिसर में और महिला को उसके फ्लैट के पास दिए। इसके बाद पांच लाख रुपये की और मांग की जा रही थी।
दूसरे पीड़ित से मांगे सात-आठ लाख
जांच के दौरान पुलिस को एक और व्यक्ति के इस गिरोह के जाल में फंसने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, उससे भी आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर सात-आठ लाख रुपये वसूले। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पहले पति की हो चुकी है मौत
पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से शिकारपुर, बुलंदशहर की रहने वाली है। उसके पहले पति की मृत्यु हो चुकी है। चार बच्चे भी हैं। श्रवण कुमार उसका दूसरा पति है। फ्लैट में महिला टिफिन तैयार करने का भी काम करती है।
महिला व उसका पति एक गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं। अधिवक्ता अनूप कौशिक उन्हें बताता था कि शहर के किन लोगों को जाल में फंसाया जा सकता है। दंपती को गिरफ्तार कर लिया है, अधिवक्ता की तलाश की जा रही है। एक-दो केस और सामने आए हैं। उनकी ओर से भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
धनंजय सिंह सीओ द्वितीय
NEWS SOURCE Credit : jagran
