
फरीदाबाद : फरीदाबाद के कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब 14 वर्षीय किशोरी ने बाथरूम की खिड़की से तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। किशोरी नीचे बने टिनशेड पर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं और निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
कुछ दिन पहले घर से गायब हुई थी युवती
जानकारी के मुताबिक किशोरी डबुआ थाना क्षेत्र की रहने वाली है। कुछ दिन पहले वह अचानक घर से चली गई थी। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। शुक्रवार को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी बुआ के घर चली गई थी।
मेडिकल रिपोर्ट देखकर घबराई
पुलिस ने शनिवार को मेडिकल जांच कराने के बाद किशोरी को अदालत में बयान दर्ज कराने के लिए पेश किया। इसी दौरान अदालत में उसकी मेडिकल रिपोर्ट देखी गई, जिसमें उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। यह बात पता चलने के बाद किशोरी परेशान हो गई।
बाथरूम की खिड़की से छलांग लगाई
कुछ देर बाद उसने उल्टी आने की बात कही। महिला पुलिसकर्मी उसे अदालत परिसर के बाथरूम तक लेकर गई। महिला कांस्टेबल बाहर खड़ी रही। इसी बीच किशोरी ने बाथरूम की खिड़की खोली और नीचे छलांग लगा दी।
टिनशेड पर जा गिरी किशोरी
तेज आवाज के साथ किशोरी टिनशेड पर जा गिरी। आवाज सुनकर अदालत परिसर में मौजूद वकील और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। किशोरी को वहां से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि जिस खिड़की से किशोरी ने छलांग लगाई, वहां सुरक्षा के लिए कोई मजबूत अवरोधक नहीं लगा था। घायल हालात में युवती को इलाज के लिए सेक्टर 16 के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
