
बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी मामले में एक्शन हुआ है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है तो वहीं इस मामले में तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। लेकिन इस मामले में अब भी मुख्य आरोपी सहित चार फरार हैं। जमुई पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती जमुई के हैवानों को सजा दिलाने की है तो मामले के साठ घंटे से अधिक बीतने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना सवाल खड़े कर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बिहार के जमुई में दो नाबालिग बच्चों के साथ कुछ लोगों ने सड़क पर सरेआम बदसलूकी की, लड़की के साथ अभद्रता की, उसके कपड़े फाड़ दिए। कुछ लोग लड़की को उठाकर ले गए और उसके साथ बदसलूकी की। ये वारदात 19 सितंबर की शाम की है जब एक लड़का और उसकी दोस्त कोचिंग क्लास के बाद सड़क के किनारे रुक कर फोटो खींचने लगे। उसी वक्त कुछ गुंडे वहां आए और लड़की के साथ बदलसूकी शुरू कर दी। लड़की इन हैवानों से खुद को बचाने के लिए मिन्नतें करती रही लेकिन हैवानों को तरस नहीं आया। गुंडों ने दोनों नाबालिगों के साथ बदसलूकी का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल करने वालों पर भी एक्शन होगा
पुलिस ने एक तरफ जमुई कांड के आरोपियों पर एक्शन लिया है तो वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी एक्शन की तैयारी है। इसके लिए अलग-अलग सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान की गई है। बिहार पुलिस ने 13 फेसबुक, 12 इंस्टाग्राम और 7 ट्विटर अकाउंट की पहचान की है जिससे नाबालिग के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल किया गया। पुलिस ने कहा है कि मुख्य आरोपी की पहचान हो गई है और उसकी तलाश जारी है।
जमुई कांड में पुलिस का एक्शन
वीडियो में दिख रहे गुंडों की पहचान करने के साथ ही सात लोगों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। बाकी की तलाश में जमुई की SDPO दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक विशेष S.I.T. टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक वीडियो में दिख रहा गमछा वाला ये गुंडा मुख्य आरोपी है लेकिन वो अब तक पुलिस के शिकंजे से बाहर है। पुलिस के लिए इस गुंडे की गिरफ्तारी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
विपक्षी दलों ने सरकार को घेरा
जमुई की बेटी को न्याय दिलाने के लिए सम्राट सरकार की पुलिस एक्शन में है तो वहीं अब इस मामले में पटना से दिल्ली तक विरोधी दल सम्राट चौधरी की सरकार को घेर रहे हैं> कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट के जरिए बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या बिहार सरकार को बेटियों की सुरक्षा की चिंता नहीं हैं। तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कहा कि 19 सितंबर को गुनाह हुआ तो पुलिस दो दिन तक कहां सोती रही। बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने भी जमुई कांड को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। इधर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी सीएम सम्राट चौधरी पर हमला बोलते हुए जमुई कांड पर जवाब मांगा है।
NEWS SOURCE Credit : indiatv
