
फरीदाबाद : फरीदाबाद के नगला पार्ट-2 में मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने से नाराज मां द्वारा अपने दो छोटे बच्चों की पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने 6 साल की बेटी को महज 12 सेकेंड में 8 थप्पड़ मारे, जबकि 4 साल के बेटे को करीब 7 सेकेंड में 4 थप्पड़ जड़े। बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी युवक मौके पर पहुंचा और महिला को बच्चों को पीटने से रोका। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बच्चों के पिता सेना में नायक के पद पर तैनात हैं और फिलहाल राजस्थान में ड्यूटी पर हैं। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी पहले भी बच्चों के साथ मारपीट करती रही है।
बच्चों के पिता सतबीर के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम करीब 7 बजे उनकी 6 साल की बेटी मोबाइल चला रही थी। इसी दौरान उसकी मां सोनिया ने मोबाइल देखा। स्क्रीन पर स्क्रैच दिखाई देने पर वह नाराज हो गई और बच्ची को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।CCTV फुटेज में महिला द्वारा बच्ची को लगातार थप्पड़ मारते हुए दिखाई देने का दावा किया गया है। इसके बाद महिला ने अपने 4 साल के बेटे की भी पिटाई की। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी युवक घर में पहुंचा और महिला से बच्चों को नहीं मारने के लिए कहा।
सतबीर ने बताया कि वह वर्ष 2016 में 12वीं के बाद सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2019 में उनकी शादी सागरपुर निवासी सोनिया से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—6 साल की बेटी और 4 साल का बेटा।सतबीर का आरोप है कि नौकरी के कारण वह अधिकतर समय घर से बाहर रहते हैं और पत्नी बच्चों तथा उनके माता-पिता के साथ रहती है। उनका दावा है कि पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर बच्चों की पिटाई करती रही है। सतबीर के मुताबिक, बच्चों के साथ कथित मारपीट की घटनाओं को देखते हुए करीब तीन महीने पहले उन्होंने घर में CCTV कैमरे लगवाए थे। 27 सितंबर को जब यह घटना हुई, उस समय उनके माता-पिता नूंह स्थित अपने घर गए हुए थे और घर में पत्नी और दोनों बच्चे मौजूद थे।
सतबीर ने पत्नी के मायके वालों पर भी उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब उन्होंने पहले बच्चों के साथ मारपीट को लेकर पत्नी के परिवार से बात की तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। सतबीर का आरोप है कि अब बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मामले में बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पवर्तिया कॉलोनी चौकी में शिकायत दी है। चौकी प्रभारी महेश के मुताबिक, वह फिलहाल बाहर हैं और चौकी पहुंचने के बाद शिकायत की जानकारी लेकर मामले की जांच की जाएगी। बच्चों के पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर अपनी पत्नी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
NEWS SOURCE Credit : punjabkesari
