
बॉलीवुड की फेमस सिंगर कनिका कपूर एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में छा गई हैं. करीब चार साल पहले उन्होंने बड़े धूमधाम से बिजनेसमैन गौतम हाथीरामानी के साथ लंदन में दूसरी शादी रचाई थी. अब खबर आ रही है कि दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया है. इस बात की जानकारी खुद कनिका कपूर ने अपने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी. इस अचानक आई खबर से उनके चाहने वाले काफी हैरान हैं. हर कोई ये सोच रहा था कि कनिका की जिंदगी में अब सब कुछ ठीक हो गया है, लेकिन इस नए मोड़ ने सभी को चौंका कर रख दिया है.
इंडिया फोरम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कनिका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल नोट शेयर किया. उन्होंने लिखा कि काफी सोच विचार करने के बाद हम दोनों ने अपनी राहें अलग करने का फैसला लिया है. साथ ही उन्होंने अपने फैंस और मीडिया से अपील की है कि वे इस मुश्किल वक्त में उनकी प्राइवेसी का ध्यान रखें. कनिका ने ये भी साफ किया कि साथ बिताए पलों के लिए वे हमेशा शुक्रगुजार रहेंगी. उन्होंने अपने पति गौतम के आने वाले कल के लिए दुआएं भी मांगी हैं. सोशल मीडिया पर ये पोस्ट आते ही वायरल हो गई और फैंस जमकर अपने रिएक्शन दे रहे हैं.

लंदन में रचाई थी दूसरी शादी
कनिका कपूर ने 20 मई 2022 को लंदन में बड़े ठाठ बाट के साथ गौतम हाथीरामानी संग फेरे लिए थे. उस दौरान उनकी शादी की खूबसूरत तस्वीरें इंटरनेट पर छाई हुई थीं. इससे पहले उनकी पहली शादी एनआरआई बिजनेसमैन राज चंडोक से हुई थी. बहुत छोटी उम्र में शादी होने की वजह से वे लंदन शिफ्ट हो गई थीं. हालांकि, वो रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला और साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया था. पहली शादी से कनिका के तीन बच्चे हैं, जिनकी पूरी जिम्मेदारी और परवरिश उन्होंने खुद अकेले अपने दम पर की.
दस साल तक झेला था अकेलापन
पहला रिश्ता टूटने के बाद कनिका कपूर करीब 10 साल तक अकेली रहीं. उन्होंने अपने कई इंटरव्यूज में इस बात का दर्द भी बयां किया था. उन्होंने बताया था कि तलाक के बाद का समय उनके लिए काटना बेहद मुश्किल था. वे लंबे समय तक अकेलेपन और तनाव से जूझती रहीं. फिर जिंदगी में गौतम आए और दोनों में पहले अच्छी दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई. कनिका ने बताया था कि गौतम ने उन्हें तीन बच्चों की मां और एक आर्टिस्ट के तौर पर खुले दिल से अपनाया था, इसलिए उन्होंने शादी का फैसला लिया था.
‘बेबी डॉल’ से रातोंरात बनीं स्टार
23 मार्च 1978 को लखनऊ में जन्मीं कनिका कपूर को बचपन से ही गाने का बहुत शौक था. उन्होंने अपने संगीत के सफर की शुरुआत भजनों और छोटे प्रोजेक्ट्स से की थी. साल 2014 में आई फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ के गाने ‘बेबी डॉल’ ने उन्हें पूरे देश में मशहूर कर दिया. इस एक गाने ने उनकी किस्मत पूरी तरह बदल दी. इसके बाद उन्होंने ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘देशी लुक’, ‘टुकुर टुकुर’ और ‘लवली’ जैसे कई ब्लॉकबस्टर गाने गाए. देखते ही देखते वे बॉलीवुड की सबसे डिमांडिंग और सुपरहिट सिंगर्स की लिस्ट में शामिल हो गईं.
करियर सुपरहिट, पर्सनल लाइफ में दर्द
डेढ़ दशक लंबे करियर में कनिका ने 100 से ज्यादा गाने गाए हैं. हिंदी और पंजाबी के अलावा उन्होंने कई भाषाओं में चार्टबस्टर ट्रैक दिए हैं. अपनी अलग आवाज और जबरदस्त अंदाज से उन्होंने संगीत की दुनिया में एक बड़ा मुकाम हासिल किया. आज काम के मामले में वह जिस मुकाम पर हैं, वहां पहुंचना हर किसी का सपना होता है. प्रोफेशनल लाइफ में लगातार बड़ी सफलता हासिल करने के बाद भी उनकी पर्सनल लाइफ में एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. चार साल के भीतर दूसरी शादी टूटने से उनके फैंस भी काफी दुखी हैं.
NEWS SOURCE Credit : zeenews
