बल्लभगढ़ : बाजार में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ने पर अब प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क दिखाई दे रहा है। मंगलवार को एसडीएम त्रिलोक चंद स्वयं अपने दस्ते के साथ बाजार के दौरे पर निकले। उन्होंने इस दौरान 13 ऐसे दुकानदारों के चालान काटे, जिनका नंबर नहीं था और वो अपनी दुकानों का आधा शटर खोल कर बाहर बैठे हुए थे। प्रशासन ने शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए एक दिन दाएं और दूसरे दिन बाएं तरफ की दुकानों को खोलने का नियम लागू किया हुआ है। इस नियम का दुकानदार लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। प्रशासन उतना ही सख्त हो रहा है। सोमवार को तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने बाजार का दौरा किया और दुकानदारों के चालान काटे थे।
एसडीएम त्रिलोक चंद ने कहा कि दुकानदार और लोग कोरोना के दौरान नियमों का पालन करें। प्रशासन का सहयोग करने के लिए दुकानदार अपने नंबर के दिन ही दुकानों को खोलें। दुकानदार मुंह पर मास्क लगाएं। अपने और ग्राहकों के हाथों को सैनिटाइज कराते रहें। ग्राहकों को एक-एक मीटर की दूरी पर खड़ा करें। बाजार में सभी लोग मुंह पर मास्क लगाकर आएं। लोग खुद अपनी-अपनी सुरक्षा करें, तो सभी की सुरक्षित हो सकते हैं।
