फरीदाबाद : कृष्णा कॉलोनी की एक झुग्गी में जब पुलिस ने छापा मारा तो वहां नोटों की गड्डियां देखकर वह भी सकते में आ गई। झुग्गी के अंदर से 35.66 लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं शराब की 19 पेटियां भी बरामद हुईं। पुलिस को सूचना मिली थी कि कृष्णा कॉलोनी की एक झुग्गी में माया नाम की महिला शराब का अवैध कारोबार करती है। इस सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की। माया को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सेक्टर-8 थाने में एक्साइज एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि रुपयों के बारे में भी महिला कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं दे पाई।
सेक्टर-8 थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना के बाद डीसीपी बल्लभगढ़ से छापेमारी की अनुमति ली गई। महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक टीम बनाई गई। टीम ने छापेमारी की तो झुग्गी के कोने में 19 पेटी देसी शराब रखी मिली। शराब के बारे में माया कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सकी। झुग्गी के दूसरे कोने में एक बैग के अंदर सफेद पॉलीथिन में 35.66 लाख रुपये मिले। पूछताछ में पता चला है कि महिला लंबे समय से झुग्गियों में शराब का अवैध कारोबार कर रही थी। उसके साथ एक पूरी टीम है। जोकि शराब की होम डिलीवरी व पैसे की उगाही सुनिश्चित करते हैं। महिला से पूछताछ के बाद ही सारी बातें खुलकर सामने आएंगी। सेक्टर-8 थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि इस मामले में अभी कई अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हो सकती है। आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
