जींद के हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर सोमवार रात को एक बीएमडब्लू गाड़ी में आग लग गई। जिसमें कार चालक एसडीओ बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सिरसा में तैनात फतेहाबाद जिले की ढाणी गोपाल के रहने वाले एसडीओ रामप्रसाद सोमवार को जींद जिले के उचाना में आए हुए थे। वे रात में वहां से अपने घर वापिस लौट रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में जाजन वाला गांव के पास उनकी बीएमडब्लू गाड़ी में आग लग गई।
आग लगी देखकर उन्होंने तत्काल गाड़ी रोकी और नीचे उतर गए। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। रामप्रसाद ने दमकल विभाग को फोन किया। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सूचना पाकर दनोदा पुलिस चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची।
