फरीदाबाद : बृहस्पतिवार का दिन कोरोना के मामले में बड़ी राहत भरा रहा, जब स्वास्थ्य विभाग की ओर से सूचना आई कि 210 लोग एक साथ ठीक हुए हैं। इन सभी को विभाग ने छुट्टी देकर घर भी भेज दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब एक साथ 210 लोग कोरोना के संक्रमण से मुक्त हुए हों, वरना इससे पहले कभी एक दिन में सबसे ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या 107 थी, जिन्हें 18 जून को छुट्टी मिली थी। इस तरह अब ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1518 हो गई है। वहीं कोरोना से संक्रमण के 143 नए मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि भी है।
ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ व एनआइटी फरीदाबाद के अलग-अलग क्षेत्र से कोरोना के नए मामले आए हैं। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 2938 हो चुकी है, जिनमें 1352 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 517 लोगों को अस्पताल में दाखिल किया गया है और 835 लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। अस्पताल में दाखिल मरीजों में 76 की हालत गंभीर है, जिनमें से 15 को आइसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। 87 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें अस्पताल में दाखिल हुए 10 दिन से अधिक का समय हो गया है।
दो बुजुर्गों व एक अधेड़ की मौत
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार सेक्टर-24 निवासी 63 वर्षीय और सैनिक कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। मरने वालों में सेक्टर-21सी रहने वाले 46 वर्षीय अधेड़ भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इन सभी को कोरोना के संक्रमण के साथ-साथ अन्य दूसरी गंभीर बीमारियां भी थी, जिसके चलते उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो गई थी और इस कारण से उनकी मौत हुई। कोरोना सहित अन्य बीमारियों से मरने वाले की संख्या 68 हो गई है। बाहर जिले में अभी तक 21593 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से अभी 796 की रिपोर्ट आना बाकी है। एक दिन में 200 से अधिक पीड़ितों का ठीक होना इस बात का प्रमाण है कि इन सब को उपचार की बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और उन्हें उचित माहौल भी मिल रहा है। हमारा लोगों से आग्रह है कि बचाव के सभी जरूरी संसाधनों का उपयोग करें। बाहर निकलने पर शारीरिक दूरी के साथ-साथ चेहरे पर मास्क लगाने, हाथों को बार-बार साबुन से धोएं, बाहर होने पर सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
-डॉ.रामभगत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी
