फरीदाबाद : बल्लभगढ़ विधानसभा में पेयजल समस्या के समाधान के लिए परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने शनिवार को नगर निगम अधिकारियों के साथ सेक्टर-8 स्थित अपने कार्यालय में बैठक की। मंत्री बाद में ट्यूबवेलों का मौका मुआयना करने भी पहुंचे। इस दौरान मंत्री ने नगर निगम बल्लभगढ़ जोन के कार्यकारी अभियंता रवि शर्मा सहित सभी एसडीओ को मिर्जापुर गांव में लगे छह ट्यूबवेलों को दुरुस्त करने को कहा। वे खुद मिर्जापुर गांव पहुंचे और वहां ट्यूबवेल का पानी पीकर चेक किया।
परिवहन मंत्री ने कहा कि पेयजल सप्लाई के लिए सरकार गंभीर है। बल्लभगढ़ विधानसभा में पीने के पानी की समस्या आने वाले कई वर्षों तक नहीं आएगी, ऐसा प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण केंद्र की तरफ से 11 ट्यूबवेल लगवाए जाएंगे। इनके लगने से ऊंचा गांव, सेक्टर 64, 65, 62 इलाके में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। जबकि नगर निगम द्वारा मिर्जापुर गांव सहित विभिन्न स्थानों पर लगे हुए पुराने 26 ट्यूबवेलों को ठीक कराया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-25 बूस्टर की सप्लाई बढ़ने से भी लोगों को भरपूर पानी मिलेगा। इसके लिए नगर निगम अलग से पाइप लाइन भी डालेगा। इस दौरान कार्यकारी अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि बल्लभगढ़ में रेनीवेल पानी की सप्लाई आ रही है।
