फरीदाबाद : ग्रेटर फरीदाबाद से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए आगरा व गुरुग्राम नहर पर कई पुल बनाए जा चुके हैं। अब जल्द बड़ौली के जर्जर पुल से गुजरने वाले हजारों लोगों को भी राहत मिल जाएगी। आगरा नहर पर बनने वाले इस पुल का काम जल्द शुरू होने वाला है। यहां उत्तर प्रदेश सिचाई विभाग द्वारा काम कराया जाना है। गुरुग्राम नहर पर सिचाई विभाग अपना काम लगभग पूरा कर चुका है। पुल के आगे आगरा नहर पर पुल बनेगा।
पुल का सबसे अधिक लाभ बड़ौली, नहरपार बसी हुई सोसायटियों को होगा। गुरुग्राम नहर पर बनने वाले पुल की लागत करीब तीन करोड़ रुपये आएगी। गुरुग्राम व आगरा नहर पर दो अलग-अलग पुल बनेंगे, जिन पर कुल 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह पुल दोनों आपस में जोड़े जाएंगे। बता दें बड़ौली गांव के नाम से गुरुग्राम व आगरा नहर पर बना पुल जर्जर हो चुका है। यह अंग्रेजों के जमाने का पुल है। समय पर मरम्मत न होने की वजह से पुल इतना जर्जर है कि इससे चौपहिया वाहनों की इंट्री बंद कर दी गई है। कई बार गांव के लोगों ने इस बाबत अधिकारियों को शिकायतें भी की हैं। पुल बनने के बाद लोगों को बीपीटीपी पुल से घूमकर नहीं आना पड़ेगा। वर्जन..
गुरुग्राम नहर पर पुल निर्माण पूरा हो चुका है। अब आगरा नहर पर पुल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के सिचाई विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। जल्द बचा हुआ काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
– वीएस रावत, कार्यकारी अभियंता, सिचाई विभाग।
