फरीदाबाद : सेक्टर-55 में बदमाशों ने कार के बोनट पर काला तेल फेंककर चालक को रुकने को मजबूर कर दिया। चालक और पीछे बैठे फैक्ट्री मालिक ने नीचे उतरकर देखा, तो बदमाश कार की पिछली सीट पर रखा बैग ले उड़ा। बैग में फैक्ट्री मालिक के जरूरी कागजात थे। शिकायत पर सेक्टर-55 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीपीटीपी पार्क ग्रेंड्यूरा निवासी अरविद सिंह नंगला में फैक्ट्री चलाते हैं। बकौल अरविंद, घर से कार में फैक्ट्री जा रहा था।
चालक मनोज कुमार कार चला रहे थे। मैं पीछे बैठा था। बल्लभगढ़-सोहना रोड पर सेक्टर-55 के पास एक व्यक्ति ने चालक को इशारा किया कि कार में कुछ समस्या है। नीचे उतरकर देखा तो नीचे बोनट के पास काला तेल निकल रहा था। मैं भी नीचे उतरा। चालक ने बोनट खोलकर देखा, तो अंदर सबकुछ ठीक था। वे वापस कार में बैठे, तो पता चला कि पिछली सीट पर रखा बैग गायब था। अरविद सिंह ने बताया है कि बैग में लैपटॉप, चेकबुक, क्रेडिट कार्ड सहित जरूरी कागजात थे। अनुमान है कि बदमाशों ने ही पहले कार के आगे काला तेल लगा दिया और फिर बैग चुराकर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
