फरीदाबाद : पर्वतीया कॉलोनी निवासी रविद्र ने बताया कि वह सारन चौक स्थित एक फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करता है। मंगलवार सुबह नाइट ड्यूटी कर साइकिल से घर जा रहा था। उसे मकान का किराया देना था और कुछ घरेलू सामान खरीदना था। इसलिए रास्ते में जवाहर कॉलोनी स्थित एक एटीएम में पैसे निकालने चला गया। वह जैसे ही रुपये निकालने लगा। इस दौरान एक युवक आ गया और उसने उनका कार्ड जबरन एटीएम से निकाल दिया और बोला, तुझे पैसे निकालने नहीं आते।
इसके बाद वह उसे कार्ड थमा कर चला गया। बाहर उसका एक साथी बाइक लेकर खड़ा था। कुछ ही देर में उसके मोबाइल पर 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उसने तुरंत अपना कार्ड चेक किया तो वह दूसरा था। इस बारे में पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर सूचना दी। आधा घंटे इंतजार करने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं आया। इसके बाद वह सारन थाने पहुंचा। थाने में पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन शिकायत करने को कहा। इसके बाद ऑनलाइन शिकायत कराई गई। सारन थाना प्रभारी सैफुद्दीन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
