फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद में तैनात एएसआइ रामअवतार ने मंगलवार रात जान पर खेलकर एक बुजुर्ग को आग की लपटों से बचा लिया। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बसेलवा कॉलोनी गली नंबर 16 में तीन मंजिला मकान के प्रथम तल पर आग लगी है। सूचना पर एएसआइ रामअवतार मय टीम मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर ब्रिगेड को भी सूचित कर दिया। थोड़ी देर में ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। गली संकरी होने से गाड़ी आगे नहीं जा सकी। इसलिए पाइप लगाकर दूर से ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
इसी बीच किसी ने एएसआइ रामअवतार को बताया कि तीसरी मंजिल पर बुजुर्ग जगदीश फंसे हैं। मकान में अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं था। एएसआइ रामअवतार साथ वाले मकान की छत से आग से घिरे तीन मंजिला मकान की छत पर जा पहुंचे। इसके बाद दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुए। बुजुर्ग जगदीश बेहोश पड़े थे। वे तुरंत उन्हें बाहर निकाल लाए। लोगों की सहायता से साथ वाले मकान की छत पर लाए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अगर थोड़ी और देर हो जाती, तो धुएं से बुजुर्ग की जान जा सकती थी। पड़ोसियों ने बताया है कि मकान में रहने वाला पूरा परिवार गांव गया है। बुजुर्ग मकान में अकेले थे। फायर ब्रिगेड में बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
