नई दिल्ली – Vishwa Hindu Parishad: विश्व हिंदू परिषद (Vishwa Hindu Parishad) की वेबसाइट हैकरों के निशाने पर आ गई है। बुधवार सुबह इसे हैक कर हैकरों ने भड़काऊ सामग्री अपलोड की है। मामले की जानकारी मिलते ही विहिप ने वेबसाइट को बंद कर दिया और गृह मंत्रालय व दिल्ली पुलिस के साइबर सेल को इसकी शिकायत की है।
विहिप के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने इसे बड़ी साजिश बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से विहिप समर्थकों व कार्यकर्ताओं को उत्तेजित करने का प्रयास कर देश के साम्प्रदायिक सद्भाव को भंग करने की कोशिश की गई है। ऐसे में उन्होंने विहिप समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले में साइबर सेल ने ठोस कार्रवाई व दोषियों को दंडित करने का भरोसा दिया है।
परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने एक वीडियो संदेश के जरिए आरोप लगाया कि वेबसाइट हैक करने के बाद उस पर आपत्तिजनक संदेश डाले गए जो न सिर्फ भड़काऊ हैं बल्कि सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाले भी हैं।साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वेबसाइड का हैक होना हम सब के लिए ये चिंता का विषय है। वैबसाइड हैक करने के बाद आपत्तिजनक संदेश भी लिखे गए हैं।
जानिए विश्व हिंदू परिषद के बारे में
विश्व हिंदू परिषद के गठन का प्रस्ताव 29 अगस्त 1964 में मुंबई की सांदीपनी साधना शाला में हुए एक सम्मेलन के दौरान आया था। इसका गठन हिंदू समाज को एकजुट करने और उसकी रक्षा के लिए किया गया है। इसके बाद 1966 के प्रयाग के कुंभ मेले में एक विश्व सम्मेलन के साथ ही इस संगठन का स्वरूप सामने आया। विहिप एक गैर राजनीतिक संगठन है।
