नई दिल्ली – हिंदी सिनेमा की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज ख़ान का शुक्रवार सुबर कार्डिएक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया। सरोज ने अपने चार दशक से अधिक लम्बे करियर में कई ऐसे गाने कोरियोग्राफ किये, जिन्होंने कामयाबी की बुलंदियों को छुआ। यह गाने नृत्य के क्षेत्र में एक नज़ीर बने। सरोज ख़ान के काम की लिस्ट बताती है कि वो ख़ुद किसी संस्थान से कम नहीं थीं।
सरोज ख़ान ने माधुरी दीक्षित के साथ कई आइकॉनिक गाने दिये, जिनमें बेटा का धक धक करने लगा भी है। इस गाने में माधुरी दीक्षित के स्टेप्स फ़िल्म का हाइलाइट थे। गाना इतना मशहू हुआ कि माधुरी को धक धक गर्ल कहा जाने लगा था। तेज़ाब का एक-दो तीन, मिस्टर इंडिया का हवा हवाई और चांदनी का मेरे हाथों में नौ नौ चूड़ियां हैं, ऐसे गाने हैं, जिन्होंने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया। सरोज ख़ान के डांस में क्लासिक और मॉडर्न स्टेप्स की जुगलबंदी देखने को मिलती थी।
एक तरफ़ वो देवदास का डोला रे डोला ले कोरियोग्राफ करती थीं तो दूसरी ओर जब वी मेट का यह इश्क़ हाय जैसा गाना उसी सहजता से निर्देशित कर देती थीं।
