फरीदाबाद : कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नए मामले भी सामने आ रहे हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग के लिए शुक्रवार का दिन काफी राहत भरा रहा। जिले में शुक्रवार को 393 मरीजों ने कोरोना की जंग जीत ली है। इस तरह ठीक होने वालों की संख्या 3174 हो गई है। कुल मरीजों की संख्या के लिहाज से देखें, तो मरीजों का रिकवरी दर 75.89 फीसद तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 156 नए मामलों की भी पुष्टि की है। चार कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है।
मुजेसर निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति, सेक्टर-23 निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति, सेहतपुर निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग तथा एक 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। ये सभी लोग कोरोना के साथ ही अन्य कई दूसरी गंभीर बीमारियों से भी पीड़ित थे। कोरोना के जो नए मामले आए हैं। वह एनआइटी,ओल्ड फरीदाबाद तथा बल्लभगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों से हैं। अब जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 4182 हो गई है, इनमें से सिर्फ 904 एक्टिव केस हैं। इन केसों में 375 अस्पताल में दाखिल हैं, बाकी 529 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। अस्पताल में दाखिल 84 मरीजों की हालत गंभीर है, जिसमें से 9 मरीज आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत के अनुसार जिले में कोरोना से 87 लोगों की मौत हुई है, जिन्हें अन्य कई गंभीर बीमारियां भी थी। उन्होंने बताया कि अभी तक 25864 नमूने लिए जा चुके हैं, इनमें से 342 की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में 22460 लोग स्वास्थ्य विभाग के सर्विलांस पर हैं।
