फरीदाबाद : किसी दूसरे व्यक्ति के ईएसआइ कार्ड पर इलाज कराना गले की हड्डी बन जाएगा, यह बात सेक्टर-8 क्षेत्र निवासी इजहार के स्वजनों ने सोची भी नहीं थी। सेक्टर-8 चौकी प्रभारी जलालुद्दीन ने बताया कि उन्हें सेक्टर-10 स्थित निजी अस्पताल से लोकेश नाम के युवक की मौत होने की जानकारी मिली थी। जब पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचे तो मृतक के पिता सरफराज ने बताया कि उसके बेटे का नाम इजहार है। तीन दिन पहले इजहार छत से गिर गया था। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल का खर्च अधिक था, इसलिए सरफराज ने अपने एक जानकार से ईएसआइ कार्ड ले लिया।
इस तरह ईएसआइ कार्ड के अनुसार इजहार को लोकेश के नाम से अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया गया। रविवार को इजहार की मौत हो गई। दोनों युवकों के स्वजनों द्वारा लिखित बयान देकर पूरी स्थिति साफ करनी होगी। दोनों युवकों के उचित पहचान पत्र भी दिखाने होंगे। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई होगी।
