फरीदाबाद : 15 अगस्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अभी से कमर कस ली है। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने मंगलवार को सभी डीसीपी व एसीपी के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मॉल, सिनेमा हॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, बाजार, होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, साइबर कैफे पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। सभी थाना, क्राइम ब्रांच व चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में इनकी लगातार निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के लिए अभी से चेकिग अभियान चलाना होगा। संदिग्ध वाहन और व्यक्ति को अच्छे से चेक किए जाने की जरूरत है।
सभी साइबर कैफे की लिस्ट तैयार की जाए। उनके मालिकों को निर्देश हों कि वे आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का डाटा रजिस्टर में रखें। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को साइबर कैफे में एंट्री नहीं मिलनी चाहिए। अगर किसी व्यक्ति पर संदेह होता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि पुरानी मोटरसाइकिल या कार बेचने वाले डीलरों से भी संपर्क रखा जाए। वे भी वाहन खरीदने वालों का रिकॉर्ड मेंटेन करें। उचित पहचान पत्र देखकर ही वाहन बेचें।
इसके अलावा सिम कार्ड व मोबाइल बेचने वाले दुकानदारों निर्देश दिए जाएंगे कि वे बिना फोटो और पहचान पत्र के किसी को सिम कार्ड या फोन ना दें। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
