हरियाणा : दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) जूनियर सिस्टम इंजीनियर के 146 पदों की भर्ती प्रक्रिया को रद्द करवाने जा रहा है। निगम के निदेशक मंडल की 24 जून 2020 को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। 7 जुलाई को निगम प्रबंधन ने कर्मचारी चयन आयोग को पत्र के जरिये भर्ती रद्द करने की सिफारिश कर दी है।
निगम के फैसले से परीक्षा परीक्षा और ज्वाइनिंग तजार कर रहे बेरोजगार युवाओं को भारी झटका लगा है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की मांग पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 5 जुलाई 2019 को विज्ञापन संख्या 11/2019 श्रेणी न.1 के तहत जूनियर सिस्टम इंजीनियर की 146 पोस्ट विज्ञापित की थीं। अनुमान के अनुसार बीस हजार से ज्यादा बेरोजगारों ने इन पदों के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा का शेड्यूल जारी किया। उसके अनुसार 27 फरवरी 2020 को तीन शिफ्टों में लिखित परीक्षा ली गई।
24 जून को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के निदेशक मंडल ने जूनियर सिस्टम इंजीनियर के विज्ञापित 146 रेगुलर पदों की भर्ती प्रक्रिया रद्द कराने और नियमित की बजाय आउटसोर्सिंग पर भर्ती करने का फैसला लिया है। सर्व कर्मचारी संघ ने इस पर नाराजगी जताई है। संघ शीघ्र ही मुख्यमंत्री व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित करने की मांग करेगा।
सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व महासचिव सतीश सेठी ने भर्ती को रद्द करने की सिफारिश कर्मचारी चयन आयोग से करने को युवाओं के साथ मजाक बताया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा कराने के बाद भर्ती प्रक्रिया को रद्द करवाने का फैसला तर्कहीन है। संघ ने आयोग से डीएचबीवीएन की भर्ती प्रक्रिया रद्द करने के आग्रह को नामंजूर करने की मांग की है।
