फरीदाबाद – दोस्तों से जुड़ने में फेसबुक जीवन का अहम हिस्सा बन गया है। मगर इसके इस्तेमाल में जरा सी लापरवाही न केवल आपको मुसीबत में डाल सकती है, बल्कि आपके दोस्तों की जेब खाली करा सकती है। पिछले दिनों साइबर अपराध शाखा के पास पहुंची शिकायतें बताती हैं कि हैकर्स इस ताक में हैं कि कब आप गलती करें और कब वे आपके फेसबुक अकाउंट पर कब्जा कर लें। ताकि उसका मनचाहा दुरुपयोग कर सकें। फेसबुक अकाउंट हैक कर दोस्तों की सूची में शामिल लोगों से रुपये ऐंठने की 50 से अधिक शिकायतें इस साल साइबर अपराध शाखा के पास पहुंच चुकी हैं। साइबर अपराध शाखा इन पर तेजी से काम कर रही है, ताकि हैकर्स को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया जा सके। तब तक ऐसी सावधानी बरते जाने की जरूरत है कि फेसबुक अकाउंट हैक होने से बचाया जा सके। विशेषज्ञों के मुताबिक यह बरतें सावधानियां :
– हैकर्स के निशाने पर ऐसे फेसबुक अकाउंट सबसे ज्यादा होते हैं, जिन्हें बनाकर लोग आइडी भूल गए। ऐसे अकाउंट को आसानी से हैक कर ये दोस्त सूची में शामिल लोगों से रुपये ऐंठते हैं। इससे बचने के लिए जरूरी है कि फेसबुक पर एक ही अकाउंट बनाएं और उसे लगातार ऑपरेट करें।
– कभी भी फेसबुक अकाउंट का पासवर्ड अपने मोबाइल नंबर, नाम या जन्मदिन को न बनाएं।
– सबसे जरूरी है कि फेसबुक अकाउंट का पासवर्ड मजबूत बनाएं, उसमें अंग्रेजी के कैपिटल व स्मॉल लेटर्स, नंबर व करेक्टर जरूर शामिल करें।
– अगर कोई मित्र आपसे मोबाइल नंबर मांगता है तो कभी भी कमेंट में नंबर न दें, मैसेंजर पर उसे नंबर दें।
– कोई फेसबुक पर आपसे रुपये मांगता है तो कभी न दें।
– फेसबुक लॉग-इन करने के लिए दो स्तरीय प्रक्रिया अपनाएं, जिसमें मोबाइल या ईमेल पर आए पिन नंबर से ही अकाउंट खुलता है। मथुरा, राजस्थान व पलवल के हैकर्स हैं सक्रिय :
कुछ दिन पहले अलीगढ़ पुलिस ने फेसबुक हैकर्स के एक गिरोह को पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने जानकारी दी कि हैकर्स का एक बड़ा गिरोह है। इसके तार यूपी के मथुरा, राजस्थान के भरतपुर व हरियाणा के पलवल से जुड़े हैं। इस गिरोह में सौ से ज्यादा हैकर्स जुड़े हुए हैं। पूरे दिन फेसबुक अकाउंट हैक कर दोस्त सूची में शामिल लोगों से पैसे मांगते हैं। आठ-10 में से कोई एक व्यक्ति उनका शिकार बन जाता है। जिले में सामने आए कुछ मामले :
हाल ही में साइबर अपराध शाखा में कार्यरत एक कर्मी का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया। हालांकि कर्मी ने समझदारी दिखाई और अकाउंट वापस हासिल कर दोस्तों को अकाउंट हैक होने की जानकारी दे दी। इसके अलावा बल्लभगढ़ शहर की चावला कॉलोनी में रहने वाले मिठाई विक्रेता सचिन अग्रवाल, पर्वतीय कॉलोनी निवासी शिवकुमार के साथ भी ऐसी वारदात हो चुकी है। साइबर अपराध शाखा विभिन्न मामलों पर लगातार काम कर रही है। काफी इनपुट हमारे पास हैं। फेसबुक हैकर्स गिरोह को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
– एसीपी धारणा यादव, पुलिस पीआरओ
