नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मानसून मेहरबान हुआ और सुबह कुछ घंटे जमकर बारिश हुई। मूसलाधान बारिश भी ऐसी हुई कि राजधानी में 3 मकान ढह गए, दिल्ली परिवहन निगम की बस समेत कई वाहन डूबे और एक शख्स की जान चली गई। वहीं, रविवार को सुबह- सुबह ही बादल ऐसे जमकर बरसे कि जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। दिल्ली में जो बारिश अभी तक 55 फीसद तक कम चल रही थी, वो एक ही दिन में महज तीन घंटों की बारिश में सरप्लस वाली स्थिति में आ गई। सन् 2015 के बाद पिछले पांच सालों में 24 घंटे के दौरान इतनी अधिक बारिश पहली बार हुई है।
वहीं, स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत (Skymet Weather chief meteorologist Mahesh Palawat) ने बताया कि मानसून ट्रफ इस समय दिल्ली के उत्तर में बना हुआ है। इसी के चलते रविवार को दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। उमस और गर्मी से राहत और बारिश का यह दौर अभी दो दिन बना रहेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग () के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को 2 दिन के दौरान दिल्ली-एनसीआर में कभी तेज बारिश हो सकती है तो कभी हल्की। सोमवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। सुबह और शाम के समय ठीक ठाक बारिश होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
25 जून को दस्तक देने के बाद से रूठ गया था मानसून
यहां पर बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने 25 जून को ही दस्तक दे दी थी, लेकिन इसके बाद से वह रूठ गया। इसके बाद से मानसून फिर सक्रिय हुआ है। मौसम विभाग पहले ही अनुमान जता चुका है कि इस बार सीजन में ज्यादा बारिश होगी।
भूजल स्तर बढ़ने के आसार
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला कुछ दिन और चला तो दिल्ली-एनसीआर में भूजल स्तर में सुधार हो सकता है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भूजल स्तर में सुधार की आवश्कता है।
