बल्लभगढ़ : गांव सोतई में एक महिला की मारपीट के बाद गर्भपात होने से मौत हो गई। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। गांव माठ जिला मथुरा उत्तर प्रदेश के रहने वाले धर्मबीर नाथ ने थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी दिव्या की शादी गांव सोतई के रहने वाले पवन नाथ के साथ हुई थी। दिव्या छह महीने की गर्भवती थी। पवन और उसके स्वजनों ने दहेज को लेकर बेटी के साथ मारपीट की। जिससे उसका गर्भपात हो गया और मौत हो गई। इस मामले में थाना सदर प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि पिता की शिकायत पर आरोपित पति पवन व उसके स्वजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन स्वजनों ने उपायुक्त यशपाल यादव से मृतक का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसलिए बिना पोस्टमार्टम के मृतक के शव को उन्हें सौंप दिया है और अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
