फरीदाबाद : गैस कटर से एटीएम काटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान पलवल निवासी इरफान, निसार और मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों से सदर थाना क्षेत्र की दो और भूपानी थाना क्षेत्र की एक कुल तीन वारदातें सुलझाने का दावा किया है। तीनों एटीएम से आरोपितों ने तीस लाख रुपये अधिक की रकम उड़ाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद एटीएम से लूटी गई रकम व एटीएम काटने में प्रयुक्त हुए औजार बरामद किए जाएंगे।
एसीपी धारणा यादव ने बताया कि आरोपित निसार और इरफान सगे भाई हैं। तीनों कई साल से अपराध में सक्रिय हैं। ये दिल्ली-एनसीआर, यूपी व महाराष्ट्र में एटीएम काटने की 10 वारदातें कर चुके हैं। तीनों दिन में रेकी करते हैं। ऐसे एटीएम की तलाश करते हैं, जो सुनसान क्षेत्र में हों और रात में सुरक्षा गार्ड ना हो। रात में उस एटीएम को गैस कटर की सहायता से काट देते हैं और नकदी लेकर फरार हो जाते हैं। क्राइम ब्रांच की टीमें कई महीने से इनके पीछे पड़ी हुई थी। अब मुखबिर की सूचना पर आरोपितों को दबोचा गया।
