फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त कार्यालय में आरटीआइ शाखा में तैनात सिपाही का फेसबुक अकाउंट साइबर ठगों ने हैक कर लिया। इसके बाद उसके फेसबुक फ्रेंड्स को रुपये की मांग करते हुए मैसेज कर दिए। मैसेज में लिखा कि वह परेशानी में है, इसलिए रुपये चाहिए। फेसबुक फ्रेंड्स ने सिपाही को फोन करके परेशानी पूछनी शुरू की। तब उसे अकाउंट हैक होने का पता चला। सिपाही का नाम सचिन है। सचिन ने सूरजकुंड थाना पुलिस को शिकायत दी। उनकी शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
सचिन ने बताया कि उनके पास दोस्तों के फोन आने शुरू हुए। सब पूछ रहे थे कि उन्हें क्या परेशानी हुई, जो अचानक रुपयों की जरूरत पड़ गई। सचिन ने पूरी जानकारी मांगी तो पता चला कि फेसबुक के माध्यम से मैसेज किए गए हैं। उन्होंने अपना फेसबुक अकाउंट खोलना चाहा तो वह नहीं खोल पाए। उन्हें हैकिग का पता चला और पुलिस को शिकायत दी। पिछले दिनों कुछ ऐसी ही वारदात साइबर अपराध शाखा में तैनात एक सिपाही के साथ हुई थी। उनका भी फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया था। पिछले कुछ दिनों में फेसबुक हैक करने की वारदातें बढ़ गई हैं। साइबर अपराध शाखा इन बदमाशों की तलाश में तल्लीनता से जुटी हुई है।
