नई दिल्ली : पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी कोरोना वायरस (COVID-19) से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। प्रणब मुखर्जी ने ट्वीट करके कहा कि अस्पताल में टेस्ट के बाद मैं कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया हूं। पिछले एक हफ्ते में जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं, मैं उनसे अपील करता हूं कि वो सभी टेस्ट करवाएं और आइसोलेट हो जाएं।
बता दें कि हाल ही में कई राजनेता और वीवीआइपी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन प्रमुख हैं। अमिताभ और शिवराज सिंंह चौहान कोरोना संक्रमण से ठीक भी हो चुके हैं।
कई बड़ी हस्तियां कोरोना संक्रमित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना पॉजिटिव निकले थे। शिरोमणि अकाली दल के सांसद नरेश गुजराल भी वायरस से संक्रमित पाए गए थे। भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा भी कोरोना से संक्रमित हुए थे, लेकिन अब ठीक हो गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी कोरोनावायरस से संक्रमित हैं। बीते शुक्रवार को कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के 40 वर्षीय बेटे यतींद्र सिद्धारमैया कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उत्तर प्रदेश की मंत्री कमला रानी का बीते दिनों कोरोना के चलते निधन हो गया था।
