16 अगस्त यानी आज से से जम्मू में माता वैष्णो देवी का दरबार दोबारा भक्तों के लिए खुल गया। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के सभी धार्मिक संस्थान आज रविवार को फिर से खोल दिए गए।
कोरोना वायरस के चलते लगभग 5 महीने तक बंद रहने के बाद आज माता वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू हो गई। अब मां वैष्णो देवी की यात्रा 24×7 यानी दिन-रात हफ्ते के सातों दिन चलेगी। बता दें कि कोरोना वायरस (Coronavirus) के मद्देनजर माता वैष्णो देवी तीर्थ यात्रा को बीते 18 मार्च को निलंबित कर दिया गया था।

श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार के मुताबिक तीर्थ यात्रा के फिर से शुरू होने के पहले सप्ताह में प्रतिदिन 2,000 श्रद्धालुओं की यात्रा की अनुमति दी गई है। इसमें जम्मू-कश्मीर के 1,900 श्रद्धालु और बाहर के 100 भक्त शामिल हैं।
बता दें कि मां वैष्णो देवी की यात्रा के लिए पंजीकरण काउंटरों पर श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा है। श्रद्धालुओं को केवल ऑनलाइन पंजीकरण के बाद ही तीर्थ यात्रा करने की अनुमति दी जा रही है।
