फरीदाबाद : जिले में 22 जुलाई से बंद पड़ी रजिस्ट्रियों की वजह से आमजन परेशान हैं। अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों की रजिस्ट्री रोकने के चक्कर में सरकार ने अब नया सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है। सोमवार देर शाम सरकार के आदेश आए कि मंगलवार से रजिस्ट्री होंगी, लेकिन हर महीने के पहले मंगलवार को तहसील में रजिस्ट्री व टोकन नहीं काटे जाते इसलिए कोई काम नहीं हो सका।
रजिस्ट्री शुरू होने व टोकन कटने की सूचना पाकर कुछ लोग सुबह तहसील में आए तो जरूर लेकिन यहां ताला लगा देख वापस लौट गए। उधर, कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें नए सॉफ्टवेयर के बारे में कुछ भी नहीं पता है। इस बाबत उन्हें कोई प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है। स्टॉफ के इस जवाब के बाद यह उम्मीद भी कम है कि बुधवार को भी रजिस्ट्री व टोकन काटने का काम शुरू हो पाएगा।
बता दें कि 22 जुलाई से ही सभी तहसील व उपतहसीलों में ताला लटका हुआ है। शहरी क्षेत्र में भी नगर निगम के हाऊस टैक्स से संबंधित कई दिक्कतें आ रही हैं। क्योंकि, सरकार ने आदेश दिए हैं कि जिस प्रॉपर्टी का नगर निगम से संबंधित कोई भी टैक्स क्लीयर नहीं होगा, वह भी रजिस्ट्री नहीं करा पाएगा। लेकिन कंप्यूटर में टोकन बुक करते समय कई प्रकार की खामियां सामने आ रही हैं। रजिस्ट्री शुरू करने के लिए सरकार के आदेश आ गए हैं। बुधवार से यह काम शुरू हो जाएगा। कर्मचारियों को सॉफ्टवेयर के बारे में प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।
-यशपाल यादव, जिला उपायुक्त।
