दिल्ली : राजधानी दिल्ली में अब घर बैठे भी कोरोना संक्रमण की जांच कराई जा सकेगी। उप राज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में इस प्रकार की सुविधाएं जुटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामलों की जांच में तेजी लाई जानी चाहिए।
दिल्ली में हाल के कुछ दिनों में कोरोना संक्रमण के मामलों में फिर से तेजी देखने को मिल रही है। लगभग दस दिनों पहले तक कोरोना संक्रमण की दर में कमी आने का रुख था। लेकिन, अब एक बार फिर से हर दिन संक्रमण की संख्या बढ़ती जा रही है। इन परिस्थितियों में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप राज्यपाल अनिल बैजल ने कोविड-19 के प्रसार की रोकथाम के लिए परीक्षण क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मांग पर जांच और सीमाई इलाकों व बड़े निर्माण स्थलों पर कोरोना संक्रमण की जांच के अभियान चलाए जाने चाहिए। सूत्रों की मानें तो उप राज्यपाल ने अधिकारियों को राजधानी में ऐसी जांच सुविधाएं लाने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
हेल्पलाइन नंबर से बुक करा सकेंगे परीक्षण
राजधानी में आम लोगों की मांग पर कोरोना जांच कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत की जाएगी। इस नंबर के जरिए ऐसे व्यक्ति जिनके अंदर कोविड-19 के लक्षण हैं, वे परीक्षण के लिए समय बुक करा सकेंगे। इसके बाद उनके घर पर जाकर कोरोना का परीक्षण किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो इस योजना के पहले चरण में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को यह विकल्प भी दिया जाएगा कि वे हेल्पलाइन नंबर पर समय बुक कराकर नजदीकी जांच केन्द्र जाकर वहां पर परीक्षण करा सकें।
कामगारों-प्रवासियों की जांच में तेजी
राजधानी दिल्ली में कामगारों और प्रवासियों की कोरोना जांच में तेजी लाई जाएगी। उप राज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली की सीमावाले इलाकों में जांच केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। ताकि, कोविड-19 के लक्षण वाले लोगों का अविलंब परीक्षण कराया जा सके। सूत्रों की मानें तो दिल्ली में आने वाले सभी प्रवासी कामगारों के लिए कोरोना जांच अनिवार्य किया जा सकता है। जबकि, जो लोग राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहते हैं लेकिन काम दिल्ली में करते हैं, जरूरी होने पर वे भी कोरोना जांच करा सकते हैं।
मुख्यमंत्री कर चुके हैं जांच दोगुना करने की घोषणाः
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कोरोना संक्रमण की जांच दोगुना करने की बात कह चुके हैं। उन्होंने घोषणा की थी कि उनकी सरकार रोजाना कोविड-19 की जांच बीस हजार से बढाकर चालीस हजार करेगी।
क्या होगी सहूलियतः
– कोरोना की जांच घर बैठे कराने से संक्रमित व्यक्ति जांच केन्द्र जाने से बच जाएगा
– संक्रमित व्यक्ति द्वारा जांच केन्द्र पर अन्य लोगों को संक्रमित किए जाने का खतरा घटेगा
– बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों को घर बैठे जांच कराने के लिए मिल सकती है विशेष सुविधा
– समय पहले से तय रहने के चलते जांच केन्द्र पर ज्यादा समय खराब नहीं होगा
– निर्माण स्थलों और कामगारों की जांच से कोरोना संक्रमण को तेजी से फैलने से रोका जा सकेगा
क्या रहेगी चुनौतियाः
– इतने बड़े पैमाने पर जांच के लिए सरकार को बड़े पैमाने पर जुटानी होगी चिकित्सा सुविधा
– चिकित्सा कर्मियों और जांच किट की भी बड़ी तादाद में जरूरत होगी जो किसी चुनौती से कम नहीं
– घर पर जाकर जांच करने के लिए चिकित्सा कर्मियों को भी बरतनी होगी अतिरिक्त सावधानी
– हेल्पलाइन नंबर पर आने वाली सभी कॉल को सुनना और उनके लिए समय बुक करना भी बड़ा काम होगा
– बड़े निर्माण स्थलों पर काम करने वाले कामगारों की जांच भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा
