फरीदाबाद : शहर के सीएनजी पंपों पर लगने वाली लंबी लाइनों को कम करने के लिए अब पंपों की संख्या बढ़ाई जा रही है। सेक्टर-37 में एक पंप बनकर तैयार हो गया है। इसे अगले महीने शुरू करने का दावा किया जा रहा है। सेक्टर-85 में भी सीएनजी पंप का काम चल रहा है, जो दिसंबर में शुरू हो जाएगा। अब जिले में सीएनजी पंपों की संख्या 17 हो जाएगी। अभी तक 15 पंप चल रहे हैं। अगले साल शहर में चार और पंप लगाए जाएंगे। रोजाना 50 हजार वाहन चालक भरवाते हैं गैस
इस समय जिले में 15 सीएनजी पंप हैं। ये राष्ट्रीय राजमार्ग, सेक्टर-9, 17, 24, क्राउन प्लाजा के सामने, सेक्टर-20ए, बी, एस्कॉर्ट्स कंपनी के सामने, यामाहा फैक्ट्री के सामने, सीकरी के पास व बाईपास रोड पर हैं। इनसे प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन चालक गैस भरवाने आते हैं। पंपों पर प्रतिदिन दो लाख किलोग्राम से अधिक सीएनजी की सप्लाई की जाती है। लंबी लाइनों से वाहन चालक परेशान
सीएनजी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऑटो भी अब सीएनजी के ही आ रहे हैं। इसका सीधा असर सीएनजी पंपों पर दिखाई दे रहा है। हर एक पंप पर बड़ी संख्या में वाहन चालक पहुंचते हैं, जिनका नंबर आधे से एक घंटे में आता है। एक सीएनजी पंप के सुपरवाइजर ने बताया कि कुछ वाहन चालक तो सुबह 5 बजे से ही लाइन लगा लेते हैं। पंपों पर रात 11 बजे तक गैस भरने का काम चलता रहता है। अधिकतर पंपों पर प्रेशर कम होने की वजह से गैस धीमी गति से भरी जाती है। इसलिए टाइम अधिक लगता है। सीएनजी वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ही पंपों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। एक पंप अक्टूबर तो दूसरा दिसंबर में शुरू हो जाएगा। बाकी चार पंपों पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद वाहन चालकों को राहत मिल जाएगी। पंपों पर कम प्रेशर वाली समस्या का भी समाधान निकाला जाएगा।
-भाषित ढोलकिया, उपाध्यक्ष, अडानी गैस कंपनी।
