बल्लभगढ़ : सरकार की तरफ से जिले के 26 गांव नगर निगम में शामिल करने की योजना बनाई गई है। सरपंचों ने इसके विरोध में खंड कार्यालय पर नारेबाजी की।
मिर्जापुर के सरपंच महीपाल आर्य, खंदावली के निसार अहमद और पियाला के टेकचंद डबास ने कहा कि नगर निगम में पहले से जो गांव शामिल किए गए हैं, उनमें विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया। नगर निगम इन गांवों के करोड़ों रुपये की संपत्ति हजम कर गया। अब निगम की इन 26 पंचायतों के खातों में जमा राशि और जमीन पर निगाह है। ग्रामीण नहीं चाहते कि उनके गांवों को निगम में शामिल किया जाए। इस दौरान जाजरू के सरपंच प्रेम बोहरा, नरहावली के विनोद भाटी, मुजैड़ी के पूर्व सरपंच राजबीर सिंह, पंचायत समिति के सदस्य राजकुमार गोगा, जिला परिषद के सदस्य अवतार सिंह सारंग और मोहन डागर मौजूद थे। नीमका में हुई पंचायत
नीमका गांव में जयपाल नंबरदार के निवास पर पंचायत हुई। पूर्व सरपंच जगबीर नागर ने बताया कि सरकार को इस प्रस्ताव पर दोबारा विचार करना चाहिए। इससे ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ेंगी। इसलिए यह निर्णय जनहित में नहीं है। वह इसका विरोध करते हैं। इस दौरान धर्मपाल, महीपाल, पूर्व सरपंच राजबीर, हरीचंद, खड़ग सिंह मौजूद थे।
