नई दिल्ली : भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। बीते तीन दिनों से लगातार 95 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में सामने आ रहे मामलों के चलते संक्रमितों का आंकड़ा 46 लाख को पार कर गया है। हालांकि, कुल मामलों में से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कई गुना अधिक है। अब तक 77 फीसद से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस के 97,570 नए मामले सामने आए हैं इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा बढ़कर 46 लाख 59 हजार 985 हो गया है। इसमें से 36 लाख 24 हजार 197 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 58 हजार 316 एक्टिव मामले हैं। 1,201 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 77,472 हो गई है।
