हिसार. हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में एक बड़े व्यापारी से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. श्री श्याम स्टील के मालिक प्रवीण गर्ग से फिरौती मांगी गई है. पुलिस (Police) ने एक युवक को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी युवक ने गुरुवार दोपहर को कई बार व्यापारी के पास रंगदारी की रकम के लिए फोन किए व शाम 6 बजे तक 1 करोड़ की रकम का इंतजाम करने की धमकी दी.

बता दें कि आम्बेडकर चौक के निकट व्यापारी प्रवीण गर्ग की श्री श्याम स्टील के नाम से दुकान है. वह गुरुवार को दोपहर अपने घर पर खाना खा रहे थे कि इसी दौरान एक फोन आया. फोन करने वाले युवक ने गालियां देते हुए एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. व्यापारी ने फोन काट दिया, लेकिन युवक ने इसके बाद भी कई बार फोन किये व रकम ना देने पर गोली से उड़ा देने की धमकी दी.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
आखिर प्रवीण कुमार ने पुलिस में मामले की शिकायत कर दी. पुलिस ने खरबला गांव निवासी विक्रम राठी के खिलाफ रंगदारी मांगने व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ युवको को हिरासत में भी लिया और पूछताछ कर रही है. शनिवार को पुलिस इस मामले में गिरफ्तारी कर सकती है.
व्यापारी को पहले से जानता है आरोपी
बताया जा रहा है कि युवक पहले से व्यापारी को जानता था. आरोपी युवक कुछ साल पूर्व लोहे का काम करता था व उस समय प्रवीण गर्ग की दुकान से ही सामान खरीदा करता था. सिटी थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया की पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी युवक की पहचान हो गई व उस पर कई मुकदमे पहले भी दर्ज हैं. जल्द युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. युवक पहले से व्यापारी को जानता था.
